बिजनौर में एक दरोगा ने केस की वादी महिला से बातों-बातों में खाकी ही नहीं बल्कि इंसानियत की मर्यादा को भी तोड़ दिया। महिला भी चुप रहने के बजाय मुखर हो गई और एसपी से मामले की शिकायत कर डाली। एसपी ने महिला दरोगा से मामले की प्राथमिक जांच कराई। जिसके आधार पर झालू चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। दरअसल, दरोगा ने केस में दुष्कर्म की धारा बनाए रखने के लिए महिला से अनुचित मांग कर डाली थी।
एसपी नीरज कुमार जादौन ने झालू चौकी प्रभारी धर्मेंद्र गौतम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बता दें कि बुधवार को झालू की रहने वाली एक महिला ने एसपी को शिकायती पत्र दिया था, साथ ही एक ऑडियो भी सौंपी। प्रार्थना पत्र में महिला ने कहा था कि उसने 12 सितंबर को अपने पति शुएब और ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पति पर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया।