सिपाही पर व्यापारी नेता से बदसलूकी का आरोप
नगीना। व्यापारी नेता ने एक सिपाही पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। व्यापारी नेताओं की नाराजगी को देखते हुए सीओ सीओ अर्चना सिंह ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराया।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम राईन ने बताया कि रविवार को मोहल्ले की एक गली में एक ठेले वाला सब्जी बेच रहा था। आरोप है कि बाइक पर गुजर रहे एक सिपाही ने उस सब्जी विक्रेता को जमकर हड़काया। सब्जी विक्रेता ने मोबाइल फोन पर उनसे ( कय्यूम) बात कर लेने की बात कह दी। आरोप है कि सिपाही आगबबूला हो गया। उसने कय्यूम राईन के साथ भी फोन पर बदसलूकी की।
इस बात को लेकर व्यापारी नेताओं में नाराजगी हो गई। मामले से सीओ अर्चना सिंह को अवगत कराया गया। सीओ के हस्तक्षेप के बाद सोमवार सुबह थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर डीवीएम इंटर कॉलेज में व्यापारी नेताओं के साथ वार्ता के लिए पहुंचे। व्यापारी नेताओं ने आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कार्रवाई का भरोसा देने के बाद व्यापारी शांत हुए। इस मौके पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष विकास मल्होत्रा, नगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अमित गुप्ता, महामंत्री सचिन शर्मा, शरद अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, लाला राजेश अग्रवाल, इंतखाब अहमद, शेख मुनीर आलम, अभिषेक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।