डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने जनपद की टास्क फोर्स के सदस्यों को निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। खनन टास्क फोर्स की बैठक में मिट्टी के खनन का मुद्दा छाया रहा। साधारण मिट्टी की ऑनलाइन अनुमति पर एक ही व्यक्ति द्वारा जगह-जगह इस्तेमाल करने और अनुमति का दुरुपयोग करने की बात भी पुलिस अफसरों ने रखीं। डीएम ने निर्देश दिए कि शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक मिट्टी का खनन नहीं होगा।
डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने जनपद की टास्क फोर्स के सदस्यों को निर्देश दिए कि अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोड पर लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। किसी भी दशा में बिना वैध प्रपत्र के खनिजों का परिवहन नहीं होने पाए। साथ ही जिले 13 खनन बाहुल्य परिवहन क्षेत्रों पर निरंती ड्यूटी लगाई जाए।
कहा कि नेशनल हाईवे के कार्यों को छोड़ते हुए साधारण मिट्टी की निकासी और परिवहन का काम शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। उधर, एएसपी ने बैठक में जानकारी दी कि मिट्टी की ऑनलाइन अनुमति के आधार पर एक ही व्यक्ति द्वारा अनुमति का दुरुपयोग कर कई स्थानों पर मिट्टी परिवहन कर भराव किया जा रहा है।