ड्रोन से सब्जी मंडी में रखी जाएगी सोशल डिस्टेंसिंग पर नजर
नजीबाबाद। कृषि उत्पादन मंडी समिति में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए पुलिस और मंडी समिति प्रशासन ने ड्रोन कैमरे की मदद लेनी शुरू कर दी है।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में सब्जी और फल आढ़तियों और सब्जी उत्पादकों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर प्रशासन परेशान था। कई आढ़तियों के खिलाफ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने पर रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी है। हाल ही में जिले के नोडल अधिकारी अजय चौहान ने भी मंडी समिति में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने निर्देश दिए थे।
मंडी समिति के सचिव संभव तोमर, जाब्तागंज चौकी प्रभारी कुमरेश त्यागी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को मंडी समिति परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग बनाने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। चौकी प्रभारी कुमरेश त्यागी ने कहा कि ड्रोन कैमरे में सोशल डिस्टेंसिंग उल्लंघन करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।