अब तक पांच लाख से ज्यादा परिवारों को मिला राशन
बिजनौर। कोरोना से बचाव के लिए लगाए गए लॉकडाउन में जनता को राहत देने के लिए मुफ्त राशन की योजना से अब तक पांच लाख से अधिक परिवारों को राशन बांटा जा चुका है। एक लाख से ज्यादा परिवार अब भी योजना में राशन लेने से वंचित हैं। उन्हें भी राशन बांटा जा रहा है। विपत्ती के समय गरीबों का राशन डकारने वाले एक राशन डीलर का कोटा निलंबित भी किया गया है।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मई में लॉक डाउन लगा है। ऐसे में परिवारों की आमदनी भी पूरी तरह प्रभावित हुई है। जनता को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री गरीब अन्न योजना के तहत मई व जून में नि:शुल्क राशन बांटने की घोषणा की है। जिले में 20 हजार 467 अंत्योदय राशन कार्ड पर 67 हजार 516 व पांच लाख 91 हजार 989 राशन कार्ड पर 25 लाख 82 हजार 148 लोगों के लिए राशन दिया जाना है। प्रति व्यक्ति तीन किलो गेहूं व दो किलो अनाज मिलना है। मई का कोटा राशन डीलर 21 मई से बांट रहे हैं। 26 मई तक 16 हजार 988 अंत्योदय राशन कार्ड पर 56 हजार 40 और पांच लाख तीन हजार 191 पात्र राशन कार्ड पर 21 लाख 94 हजार 826 लोगों को राशन दिया जा चुका है। कुल छह हजार 752 मीट्रिक टन गेहूं व चार हजार 501 टन चावल पात्रों को दिया जा चुका है। अभी मई में पूरे महीने राशन बांटा जाएगा। करीब एक लाख और राशन कार्ड धारकों को राशन बांटा जाना है। झालू निवासी कार्डधारक रूपा और विकास ने बताया कि उन्हें राशन मिल गया है। सरकार की ओर से राशन मिलने से उन्हें राहत मिली है।
गड़बड़ी करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नि:शुल्क अनाज बांटा जा रहा है। राशन डीलरों की जांच कराई जा रही है। किसी ने कोई गड़बड़ी की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।