बढ़ापुर। ग्राम जाफरपुर में सर्पदंश से शोवीर सिंह (55 ) की मौत हो गई। परिजन पीड़ित को लेकर दो दिन तक झाड़फूंक करने वालों के पास भटकते रहे लेकिन परिणाम शून्य निकला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम जाफरपुर निवासी शोवीर सिंह मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार शोवीर सिंह को शुक्रवार की शाम खेत से वापस लौटते समय सांप ने डस लिया था। उसने घर पहुंचने पर परिजनों को जानकारी दी। बेचैनी होने पर परिजन व ग्रामीण उसे झाड़फूंक करने वालों के यहां लेकर गए। लाभ नहीं मिलने पर झाड़फूंक करने वालों ने भी उसे सरकारी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। शनिवार की शाम परिजन उसे नजीबाबाद के सरकारी अस्पताल ले गए जहां से चिकित्सकों ने हायर सेंटर भेज दिया। बिजनौर ले जाने से पहले ही शोवीर सिंह की मौत हो गई। शोवीर की मौत पर परिजनों व गांव में शोक छा गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शोवीर सिंह के तीन पुत्र और एक पुत्री है। पुत्री की शादी हो चुकी है।