नगीना के ग्राम हकीकतपुर में लगे पिंजरे में कैद हुई मादा गुलदार। स्रोत वन विभाग
नगीना (बिजनौर)। क्षेत्र के ग्राम हकीकतपुर गंगवाली व बघाला के बीच जंगल में छह साल की मादा गुलदार पिंजरे में कैद हो गई। गुलदार के चेहरे पर चोट के निशान भी है। वन विभाग की टीम गुलदार को अपने साथ ले गई। तीन दिन पहले छह दिसंबर को इसी गांव में एक गुलदार का शावक पिंजरे में कैद हुआ था।
वन रेंजर प्रदीप शर्मा ने बताया कि गांव में पिछले काफी समय से गुलदार व उसके शावक के होने की सूचना मिल रही थी। करीब एक माह पूर्व डेरों के पास जंगल में पिंजरा लगा दिया गया था। शनिवार को दिन में दस बजे पिंजरे में गुलदार का शावक कैद हो गया था। बताया मंगलवार को उसी जगह एक गुलदार के फिर पिंजरे में कैद होने की सूचना मिली।
टीम मौके पर पहुंची तथा गुलदार को अपने कब्जे में लिया। बताया कि मादा गुलदार की उम्र करीब छह वर्ष है। पिंजरे में टक्कर मारने से उसके चेहरे पर घाव बन गए है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गुलदार को सुरक्षित स्थान पर भेजा जाएगा।