बसपा पदाधिकारी सहित छह नामजद, 125 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
धामपुर। धामपुर विधान सभा क्षेत्र के प्रभारी मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र कुमार ने बसपा के पश्चिमी प्रदेेश पदाधिकारी शमशुद्दीन सहित छह कार्यकर्ताओं को नामजद और 125 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट कायम कराई गई। आरोप है कि बुधवार को इन लोगों ने बसपा सांसद गिरीशचंद के आवास पर एकत्र होकर उनका आवास घेरा और कोरोना नियमों का उल्लंघन किया।
प्रभारी मजिस्ट्रेट ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि जब वह पुलिस टीम के साथ स्योहारा मार्ग पर धामपुर शुगर मिल की तरफ जा रहे थे। तो इस दौरान बुधवार को सांसद गिरीश चंद की कोठी के बाहर 100-125 लोगों की भीड़ लगी थी। पास जाकर देखा तो वहां पर बसपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी शमशुददीन, धामपुर निवासी फरीद उर्फ डॉन सभासद पालिका धामपुर, कमरुद्दीन सभासद कस्बा शेरकोट, सुहेल व चांद (हाजी कमाल का भाई) निवासी शेरकोट, अशरफ कबाड़ी एक जगह एकत्रित थे। इन्होंने मास्क भी नहीं लगा रखे थे। कोविड-19 गाइड का पालन भी नहीं कर रहे थे।
आरोप है कि उनके द्वारा विधि विरुद्ध इकट्ठा होकर धारा 144 सीआरपीसी के आदेशों का उल्लंघन कर राज्य सरकार के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।