जिले के छह और लोगों ने जीती कोरोना से जंग
बिजनौर। जिले वासियों के लिए राहत भरी खबर है। जनपद मुरादाबाद के एल-1 कोविड हॉस्पिटल में भर्ती जिले के छह और मरीज कोरोना से जंग जीत गए हैं। वर्तमान में कुल एक्टिव केस चार रह गए हैं। इनमें तीन चांदपुर और एक नजीबाबाद का मरीज शामिल है।
जिला कोरोना की रफ्तार को कम करने की ओर अग्रसर हो रहा है। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय के अनुसार अब तक जिले में कुल 43 कोरोना संक्रमित केस मिल चुके हैं। इनमें से 38 मरीज पूरी तरह से ठीक होकर अपने घर लौट आए हैं, जबकि चांदपुर निवासी एक निजी चिकित्सक की कोरोना से मौत हो चुकी है। वर्तमान में जनपद में कुल चार एक्टिव केस रह गए हैं। शीघ्र ही इनके भी स्वस्थ होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि रविवार को चांदपुर के ही मुरादाबाद में भर्ती चार मरीज ठीक होकर लौटे और सोमवार को भी चांदपुर क्षेत्र के ही छह और लोग कोरोना को हराकर आए हैं। वर्तमान में मुरादाबाद में जिले के केवल चार मरीज ही भर्ती रह गए हैं। इनमें चांदपुर के रहने वाले मां बेटा और वहीं के दूसरे मोहल्ले का ही एक युवक तथा नजीबाबाद का मछली व्यापारी शामिल है। उम्मीद है कि शीघ्र ही ये चारों मरीज भी कोरोना को परास्त करके अपने परिजनों के बीच सकुशल लौट आएंगे।