जिले में छह और मिले कोरोना संक्रमित
बिजनौर। जनपद में कोरोना संक्रमण ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। शुक्रवार को छह लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिले में अब कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 4468 हो गई है, इनमें से अब तक 4374 मरीजों ने बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के बल पर कोरोना को हराया है, जबकि 65 मरीजों की कोरोना से मौत हुई है। वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन मामले बढ़कर 29 पर पहुंच गए हैं।
सीएमओ विजय कुमार यादव ने बताया कि शुक्रवार को नए मरीजों में अल्हैपुर ब्लॉक के गांव टपरौला, नूरपुर विकास खंड क्षेत्र के गांव रामनगर, नहटौर ब्लॉक क्षेत्र के गांव शहनाजपुर कोट, आवास विकास कॉलोनी, नजीबाबाद तहसील के गांव मंडावली, जलीलपुर ब्लॉक के गांव स्याऊ से एक-एक शामिल हैं। 1285 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आईं। जिले से कुल तीन लाख 86 हजार 392 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनमें से कुल तीन लाख 85 हजार 653 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं। वर्तमान में 1279 जांच रिपोर्ट लंबित हैं।