प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में उगीं झाड़ियां
मंडावली/नजीबाबाद। कोविड-19 वैश्विक महामारी के चलते करीब ढाई महीने से विद्यालय नहीं खुलने और देखरेख के अभाव में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों की दुर्दशा हो गई। प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में झाड़ियां उग गई हैं। एक जुलाई से विद्यालय खुलने के बाद भी कई विद्यालयों में सफाई नहीं कराई गई।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के धीमे होने से बाद एक जुलाई से शिक्षकों ने विद्यालय पहुंचना शुरू कर दिया। लेकिन इसके बाद भी मंडावली के गांव सैफाबाद, रेहमापुर, सीतावाली, गुलालवाली सहित क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक विद्यालय बदहाल हैं। देखदेख और सफाई न होने के कारण विद्यालयों में झाड़ियां उग गई हैं। क्षेत्रीय ग्रामीण मोहन कुमार, मुनेश, नरेश कुमार, ब्रह्मपाल सिंह, मनोज राठी, अतुल कुमार, शीशपाल, रणवीर सिंह का कहना है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय मंडावली, प्राथमिक विद्यालय सैफाबाद, प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय रेहमापुर, प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय सीतावाली गुलालवाली में देखरेख के अभाव में घास और झाड़ियां उग गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सभी ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों की तैनाती होने के बाद भी विद्यालयों का गंदगी से बुरा हाल है। ग्रामीणों ने विद्यालय की सफाई कराने की मांग की है।
विद्यालयों में सफाई कराने के निर्देश दिए गए है। इसके बाद भी विद्यालयों की सफाई नहीं कराई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- इशकलाल, बीईओ।