महिलाओं को रोजगार दिलाएगा श्रद्धा फाउंडेशन
हल्दौर। गांव पैजनियां के एक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित श्रद्धा फाउंडेशन ट्रस्ट की बैठक में कोराना काल में ग्रामीण बेरोजगार महिलाओं को उनके घर पर निशुल्क रोजगार दिलाने व अन्य कई सामाजिक कार्य के कराने पर विस्तार से चर्चा की गई।
गांव पैजनियां के मगन सरस्वती हाई स्कूल में शुक्रवार दोपहर श्रद्धा फाउंडेशन ट्रस्ट की बैठक में एनजीओ के तहत इस कोराना काल में अपने घरों पर मौजूद बेरोजगार महिलाओं को रोजगार दिलाने के लिए चर्चा की गई। ट्रस्ट के संचालक दिलीप कुमार ने कहा कि बेरोजगार महिलाओं को उनके घर पर सिलाई, कढ़ाई, विभिन्न उत्पादों की पैकिंग आदि कार्य करा कर उन्हें रोजगार मुहैया कराया जाएगा। इसके बदले उनकी संस्था द्वारा महिलाओं को उचित मेहनताना भी दिया जाएगा। संस्था बच्चों को निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा दिलाने, किसानों को कृषि यंत्र उपलब्ध कराने, बाल विकास कार्यक्रम चलाने, देसी जड़ी बूटियों की खेती कराने, बाढ़ सूखा प्राकृतिक आपदा में लोगों की मदद करने, वृद्धजनों की मदद करने समेत कई सामाजिक कार्य कर रही है। बैठक का संचालन अवनीश त्यागी ने किया। बैठक में संजय त्यागी, सुभाष त्यागी, मनोज कुमार, कुलदीप कुमार, परमिंदर कुमार, राजेंद्र कुमार, संतोष कुमार, अंकुश कुमार, मोनू कुमार अनेक लोग मौजूद रहे।