संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावली/नजीबाबाद। कई गांवों को जोड़ने वाला शेखूपुरा आलम-लाहककला संपर्क मार्ग बदहाल है। मार्ग पर गहरे गड्ढे होने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। गन्ना ढुलाई के दौरान किसानों के वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
शेखूपुरा आलम से लाहक कला संपर्क मार्ग क्षेत्र के कई गांव शेखूपुरा आलम, लाहक कला, साहबपुरा उमराव, लाहक खुर्द आदि गांवों को जोड़ते हुए धनसीनी, कल्हेड़ी, जलालाबाद बाईपास पर निकलता है। बरसात में मालन नदी का पानी संपर्क मार्ग पर आने से मार्ग कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग पर गहरे गड्ढे होने से किसानों को अपना गन्ना चीनी मिल तक पहुंचाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीण सतीश प्रजापति, कुलदीप, अनुज कुमार, चमन तोमर, राजवीर सिंह, डॉ.सुभाष का कहना है कि दोपहिया और चारपहिया वाहन मार्ग के गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। शिकायत पर मार्ग पर मरम्मत कार्य हुए, लेकिन बरसात बीतने के बाद मार्ग फिर बदहाल स्थिति में पहुंच गया।
प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान इसी मार्ग से रूट डायवर्ट किया जाता है। ग्रामीणों ने जल्द शेखूपुरा आलम-लाहकला संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की।