बिजनौर। नई दिल्ली के मिलाप नगर में एशियन स्पोर्ट्स फेडरेशन की ओर से 4वीं नॉर्थ इंडिया बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप हुई। जिसमें बिजनौर के दो खिलाड़ियों ने अलग-अलग वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नाम रोशन किया। पदक जीतकर लौटने पर परिवार में खुशी का माहौल है।
4वीं नॉर्थ इंडिया बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप 21 सितंबर को हुई। इस प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग में गांव शाहपुर सहसू उर्फ सहसूवाला निवासी पंकज चौधरी के पुत्र शौर्य चौधरी ने प्रतिभाग किया। शौर्य ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में डेडलिफ्ट में 175 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, बिजनौर गांव धोमनपुर उर्फ हसनपुरा निवासी बिशन सिंह के पुत्र राजकुमार ने भी इस प्रतियोगिता में 66 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग किया। राजकुमार ने डेडलिफ्ट में 190 किलोग्राम भार, बेंच प्रेस में 90 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। पदक जीतने के बाद घर पर बधाई देने वालो का तांता लगा हुआ है।