खो-खो में शाहजहांपुर की टीम ने बरेली को हराया
बिजनौर। खो-खो की अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में टीमों ने जबरदस्त दमखम दिया। फाइनल में शाहजहांपुर की टीम ने बरेली को मात दे दी।
शनिवार को एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से कृष्णा कॉलेज में एक दिवसीय अंतरमहाविद्यालयी खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें सात महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह एवं महाविद्यालय संस्थापक राजीव कुमार, प्रबंधक मनोज कुमार, एमडी पवन कुमार, प्राचार्य डॉ. परवेज अहमद खां, प्राचार्या डॉ. सीमा शर्मा ने संयुक्त रुप से किया। विश्वविद्यालय की ओर से आए पर्यवेक्षक डॉ. सोमपाल और वीपी मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पहला मैच कृष्णा कॉलेज और हरिपाल शास्त्री स्मारक महाविद्यालय की टीम के बीच हुआ। जिसमें कृष्णा कॉलेज विजयी रहा। दूसरे मैच में जेएसएच कॉलेज अमरोहा को बरेली कॉलेज, बरेली ने मात दी। तीसरे मैच में जीएफ कॉलेज शाहजहांपुर ने मॉडल पब्लिक एजूकेशन कॉलेज चंदौसी को हराया। चौथे मैच में कृष्णा इंस्टीट्यूट की टीम को बरेली कॉलेज, बरेली की टीम ने मात दे दी। पांचवें मैच में कृष्णा कॉलेज की टीम को जीएफ कॉलेज शाहजहांपुर ने हरा दिया। फाइनल में बरेली कॉलेज बरेली की टीम को हराते हुए जीएफ कॉलेज शाहजहांपुर की टीम ने बाजी मार ली।
विजयी टीम को ट्राफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मैच में रेफरी एसके दास, विक्की गुप्ता, मुकुल, व ललित कुमार रहे। खेल प्रतियोगिता में क्रीड़ा सचिव संजीव कुमार, विशाल विक्रम सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रवक्ता डा. एम खान, विपिन शर्मा, गोपाल स्वरूप सिंह आदि का सहयोग रहा।
बिजनौर के कृष्णा कॉलेज में अंतरमहाविद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता की विजेता जीएफ कॉलेज शाहजहांपुर ?- फोटो : BIJNOR