बिजनौर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के सात अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच की। जांच में तीन अल्ट्रासाउंड सेंटर पर अनियमिताएं पाई गई। इसके चलते उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
बृहस्पतिवार को एसडीएम अनुज सिंह, तहसीलदार राजेश वर्मा और नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद देशवाल ने जिला महिला अस्पताल, चरक पैथोलॉजी लैब, कुंदन हास्पिटल, हीरालाल नर्सिंग होम, डॉ. पीयूष वर्मा के यहां अल्ट्रासाउंड मशीन और श्री हास्पिटल, धामपुर सीटी स्कैन सेंटर पर सीटी स्कैन एवं एमआरआई मशीन का निरीक्षण किया।
टीम ने श्री हास्पिटल स्थित सीटी स्कैन, एमआरआई मशीन बिना रजिस्ट्रेशन, पुरानी अल्ट्रासाउंड मशीन बिना डीएम को बताए बेचे जाने और धामपुर सीटी स्कैन सेंटर पर सीटी स्कैन मशीन बिना रजिस्ट्रेशन के चलती मिलने पर डीएम की ओर से 15 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं डॉ. श्रीश का कहना है कि तीन साल पहले अल्ट्रासाउंड मशीन बेचने के बारे में प्रशासन को अवगत करा दिया गया था। हीरालाल नर्सिंग होम पर कागजों में गड़बड़ी करने पर पूर्व नोडल अधिकारी को भी डीएम की और से नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच में जिला महिला अस्पताल, चरक पैथोलॉजी लैब, कुंदन हास्पिटल और डॉ. पीयूष वर्मा के यहां सब सही पाया।