नजीबाबाद में जिले के नजीबाबाद, जलालाबाद, चांदपुर, हल्दौर और मंडावर क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में सात जिंदगियां खत्म हो गईं। होली जैसे त्योहार पर इन हादसों से परिवारों में मातम छा गया। जलालाबाद क्षेत्र में हुए हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने मेरठ-पौडी मार्ग पर जाम लगाया। पुलिस ने जाम खुलवाया।
नजीबाबाद में लालढांग के मंगोलपुरा निवासी कारोबारी गगन कर्णवाल और प्रेमपाल मंगलवार सुबह बाइक से बुंदकी दिशा से नजीबाबाद की ओर आ रहे थे। पेपर मिल के नजदीक सामने से तेज गति से आई अनियंत्रित कार की साइड लगने से बाइक दुुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में बाइक चला रहे प्रेमपाल को गंभीर चोटें आईं, जबकि गगन कर्णवाल भी घायल हो गया। उधर, बाइक से टकराने के बाद कार सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। कार में सवार लोग घटनास्थल से खिसक गए। उधर, गगन कर्णवाल घायल प्रेमपाल को एक अन्य वाहन की मदद से नजीबाबाद लेकर पहुंचा, लेकिन वह डबल फाटक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर क्षेत्र में जाम में फंस गया। घायल प्रेमपाल की हालत बिगड़ती गई। गगन उसे ई-रिक्शा से पूजा हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सक ने प्रेमपाल (45) को मृत घोषित कर दिया। शव को सीएचसी समीपुर ले जाया गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रेमपाल का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रेमपाल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
उधर, किसान सहकारी चीनी मिल के क्लर्क सुंदर रावत (55) रविवार को बुंदकी मार्ग पर स्पीड ब्रेकर पर स्कूटी अनियंत्रित होने से गिरकर घायल हो गए थे। सुंदर के सिर में गंभीर चोटें आईं थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीएमआई देहरादून ले जाया गया था। जहां उनकी मौत हो गई। सुंदर रावत की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अन्य घटना में जलालाबाद के नजीबाबाद-बिजनौर मार्ग पर गांव चौगांवा के निकट तेज रफ्तार बाइक ने गांव बिरामपुर निवासी 36 वर्षीय फूल सिंह को टक्कर मार दी। फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। 100 यूपी पुलिस ने ग्रामीणों ने घटना स्थल तक पहुंचने से पूर्व शव अस्पताल पहुंचा दिया।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पहुंच गए। उन्होंने पुलिस द्वारा शव हटाने के विरोध में जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने घटना स्थल से बाइक सवार पठानपुरा निवासी युवक मो. आसिफ को पकड़कर पिटाई की और उसे कमरे में बंद कर लिया। सूचना मिलने पर पहुंचे थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव, एसएसआई नीरज मलिक, एसआई सतीश कुमार, विकास यादव के नेेतृत्व में पहुंचे पुलिसबल ने नोंकझोक के बीच युवक को सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने ग्रामीणों को आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर , ग्राम प्रधान भानी सिंह, संजीव कुमार, बुध सिंह, राम अवतार, गजेंद्र सिंह, जसपाल, धीर सिंह ने प्रदर्शनकारियों को समझाया जिसके बाद जाम खोला गया। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। परिजनों की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर सौंपी गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की।