बिजनौर। कहीं लालच तो कहीं अनजानेपन की वजह से लोग साइबर ठगों के जाल में फंस रहे हैं। अब एक और ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें होटल और रेस्टोरेंट को फाइव स्टार रेटिंग देकर कमाई का झांसा देते सात लाख रुपये की ठगी कर ली।
चांदपुर निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया कि 11 नवंबर को उनके पास टेलीग्राम पर एक मेसेज आया। जिसमें वर्क सैलरी लिखा हुआ था, मेसेज का जवाब दिया तो एक टास्क करने के लिए कहा गया। कहा गया कि होटल और रेस्टोरेंट को फाइव स्टार रेटिंग देनी है। जिसके बदले में 160 रुपये मिलने की बात कही गई। भरोसा करके पीड़ित ने रेटिंग देनी चालू कर दी। उधर से साइबर ठगों ने 160 रुपये भेज दिए। इसके लिए आरोपियों ने बैंक खाता नंबर आदि जानकारी हासिल कर ली।
इसके बाद अलग टेलीग्राम चैनल ग्रुप पर जोड़ा गया। बाद में एक हजार रुपये लेकर 1450 रुपये भेज दिए गए। आरोपियों ने इसी तरह से भरोसे में लेकर टास्क दे दिए। साथ ही सात लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित को उस वक्त ठगी का अहसास हुआ जब उधर से मुनाफा के साथ मूल पैसा भी वापस नहीं आया। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्र में हर रोज गोष्ठी आयोजित कर लोगों को जागरुक किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि साइबर अपराधियों से कैसे बचना है।