जिले में बुखार और कोरोना से सात की मौत
बिजनौर/धामपुर/झालू/चांदपुर। जिले में सात लोगों की बुखार तथा कोरोना से मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। इनमें चार लोगों की मौत कोरोना के कारण हुई है। तीन लोग बुखार से पीड़ित थे, लेकिन उनकी जांच नहीं हो सकी थी।
नगर के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी 50 साल वर्षीय शिक्षक रामअवतार सिंह का कोरोना से निधन हो गया है। वे किरतपुर के हिंदू इंटर कॉलेज में हिंदी के प्रवक्ता थे। परिजनों के अनुसार वे 19 अप्रैल को हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी करके आए थे। इसके बाद से ही उन्हें बुखार आने लगा था। धामपुर में शनिवार को एक शिक्षक सहित उत्तर प्रदेश एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री एवं शिक्षक नेता टिकेश चौधरी के बड़े भाई होमेश चौधरी का भी कोराना से जौली ग्रांट हॉस्पिटल देहरादून में निधन हो गया। चांदपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक कुमार अग्रवाल के छोटे भाई आदेश अग्रवाल (60) का कोरोना संक्रमण के चलते शनिवार की सुबह निधन हो गया।
इसके अलावा जनपद वाराणसी निवासी डॉ. अघोरदानी दूबे (45) धामपुर के आरएसएम डिग्री कॉलेज में कृषि अर्थशास्त्र विभाग में विश्वविद्यालय बरेली से अनुमोदित शिक्षक थे और रानी बाग कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। शनिवार को अचानक उनका निधन हो गया। आरएसएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश यादव कोरोना संक्रमित हैं, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और आगरा के एक अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। वहीं, झालू कस्बे के मोहल्ला नसिरियान निवासी सचिन पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह (34) वर्ष को लगभग 20 दिन पहले गुड़गांव में बुखार आया था। बिजनौर के निजी अस्पताल में 15 दिन उपचार चलने के बाद शुक्रवार शाम उसकी मौत हो गई।