गुलदार से सुरक्षा के लिए शुरू हुईं संगोष्ठियां
नजीबाबाद/भागूवाला। वन विभाग ने गुलदार के हमलों से भयभीत ग्रामीणों का मनोबल बढ़ाने और हमलों से सुरक्षा के लिए जागरूकता संगोष्ठियां शुरू की हैं। टीम ने भागूवाला, सीतावली, साहूवाला और बढ़ापुर क्षेत्र में संगोष्ठियां कर गुलदार के हमलों से बचाव के संबंध में जानकारी दी।
बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद के डीएफओ डॉ. मनोज कुमार शुक्ला के नेतृत्व में वनकर्मियों ने गुलदार प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ ग्रामीणों की जागरूकता के लिए संगोष्ठियां शुरू की हैं। राजगढ़ और साहनपुर रेंज के सीतावाली के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक स्कूल, राजकीय इंटर कॉलेज भागूवाला, साहूवाला रेंज के प्राथमिक विद्यालय इनायतपुर में वन विभाग की ओर से संगोष्ठियां आयोजित की गई। क्षेत्रीय रेंजर जीबी सिंह, वीरेंद्र सिंह मलिक, बीएस रावत ने ग्रामीणों को बताया कि जनवरी-फरवरी में माता गुलदार गन्ने खेतों में बच्चे देती है। इन दिनों में अक्सर गुलदार गन्ने के खेतों में शरण लेते हैं। वन अधिकारियों ने समूह के रूप में खेतों में जाने, गन्ने के खेत में प्रवेश करने से पूर्व शोर-शराबे के साथ हॉका लगाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गन्ने की कटाई करते समय साथियों के माध्यम से आसपास निगाह रखें ताकि गुलदार हमला न कर सके।
गन्ने के खेतों से गुजरते समय सतर्क रहें
नजीबाबाद। साहनपुर और राजगढ़ रेंज के वन कर्मियों ने विद्यार्थियों को गन्ने के खेतों के आसपास से गुजरते समय सतर्कता रखने, अकेले आवागमन न करने तथा गुलदार दिखाई देने पर तत्काल शोर मचाने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों को वन विभाग के अधिकारियों के मोबाइल नंबर साथ रखने, गुलदार दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की सलाह दी। डीएफओ डॉ. मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि गुलदार खेत में बैठे और झुककर काम करने वाले लोगों या बच्चों पर हमला करता है। डीएफओ ने किसान मजदूरों से गुलदार देखे जाने पर तुरंत खड़े होकर शोर मचाने की सलाह दी।
इन मोबाइल नंबर पर दें सूचना
नजीबाबाद। गुलदार या जंगली जानवर के दिखाई देने पर प्रभागीय वन अधिकारी नजीबाबाद के सीयूजी नंबर 7839435113, डीएफओ नजीबाबाद 9651571800, वन क्षेत्राधिकारी कौड़िया रेंज 9917132533, साहनपुर रेंज 9457033968, राजगढ़ रेंज 7248459330, साहूवाला व बढ़ापुर रेंज 9690818833 को तत्काल सूचित करें।