नहटौर(बिजनौर)। फेरों से पहले ही बारद्वारी पर दूल्हे को नशे में देख दुल्हन और उसके घरवालों ने शादी से ही इनकार कर दिया। दूल्हे ने हंगामा किया तो दुल्हन के घरवालों और ग्रामीणों ने बारातियों को बंधक बना लिया। यही नहीं रिश्ते में दिए गए सामान को वापस मांग लिया। देर रात तक दोनों पक्षों में सुलह के लिए वार्ता चल रही थी।
नहटौर क्षेत्र के एक गांव में एक बारात देहरादून से आई थी। बताया जाता है कि बारात चढ़ने के बाद लड़की पक्ष के घर में प्रवेश करने के दौरान दूल्हा नशे में था और वह हंगामा कर रहा था। दुल्हन पक्ष के लोग भड़क गए और शादी से इनकार करते हुए दूल्हे सहित बारातियों को बंधक बना लिया। घंटों की वार्ता के बाद भी मामले का कोई हल नहीं निकल सका। लड़की पक्ष शादी से इनकार करने पर अड़ा हुआ था । उधर लड़के पक्ष के कुछ लोग गलती मानते हुए मामले का निपटारा करने की कोशिश में लगे हुए थे। देर रात तक बारात बंधक बनी हुई थी।