12 से 16 सप्ताह के बीच लगेगी दूसरी डोज
बिजनौर। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर कोविड-19 टीकाकरण के अंतर्गत नेशनल टैक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्युनाइजेशन तथा नेशनल एक्सपर्ट ग्रुप ऑन वैकसीन एडमिनिस्ट्रेशन की संस्तुति पर कोविशील्ड वैक्सीन की दूसरी डोज की अवधि बढ़ा दी गई है। अफसरों के अनुसार अब इसे बढ़ाकर 12 से 16 सप्ताह के बीच कर दिया गया है। अभी तक छह से आठ सप्ताह बाद एंटी कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाती है। कोरोना महामारी से बचाव के लिए केंद्र सरकार एक मार्च से आम जनता को प्रतिरक्षित कर रही है। एंटी कोविड वैक्सीन की दो खुराक लेना हर आदमी के लिए जरूरी है। पहली खुराक के बाद दूसरी डोज लेने पर ही सुरक्षा पूरी मानी जाती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार ने बताया कि जो लाभार्थी कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खुराक लगवा चुके हैं, उन्हें अब कोविड-19 के टीके की दूसरी खुराक 84 से 112 दिन अथवा 12 से 16 सप्ताह के बीच प्रतिरक्षित किया जाएगा।
259 लोगों का किया चालान
बिजनौर। कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए एसपी डा. धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले भर में बिना मास्क लगाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जनपदीय पुलिस द्वारा बिना मास्क लगाए घूम रहे 259 लोगों का चालान करते हुए उनसे एक लाख 76 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
चार स्थानों को कराया सैनिटाइज
बिजनौर। जनपद में फायर सर्विस की यूनिट एवं नगर पालिका के सहयोग से चलाए जा रहे सैनिटाइजेशन अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय पर स्थित शास्त्री चौक बाजार, के.के. खन्ना पेट्रोल पंप, भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा, सेंट मेरीज चौराहा मार्केट को सैनिटाइज कराया गया। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि इसमें एक फायर टेंडर का प्रयोग किया गया।