मंडावर के खादर क्षेत्र में लापता हुए युवक को गंगा में तलाश करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : BIJNOR
युवक की हत्या की आशंका के बीच गंगा में तलाश
बिजनौर। पांच दिन से लापता युवक के मामले में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया। परिवार वालों को अनहोनी की आशंका सता रही है। शक के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाए गए प्रधान के पति ने हत्या किए जाने की बात पुलिस को बताई। जिस पर पुलिस ने गंगा में गोताखोरों की मदद से लापता युवक को तलाशने का प्रयास किया।
मंडावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सुजान का रहने वाला उमंग (20) पुत्र दिनेश 13 जून को अचानक लापता हो गया। जिसकी 15 जून को गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिवार वालों ने 13 जून की रात 11 बजे प्रधान के पति के संग देखे जाने की बात पुलिस को बताई थी। साथ ही प्रधान के पति पर ही लापता करने का शक जाहिर किया गया। बृहस्पतिवार को प्रधान के पति को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने बुला लिया। पुलिस के अनुुसार शुक्रवार को उसने लापता उमंग की हत्या कर शव को गंगा में फेंके जाने की बात बताई। जिस पर पुलिस ने गंगा में तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार की शाम तक लापता युवक का कही पता नहीं चल पाया। आरोपी से एसओजी की टीम भी पूछताछ करने में जुटी हुई है। इसी मामले को लेकर थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर रोष जाहिर किया। इसके बाद ग्रामीण एसपी के पास पहुंच गए। जिन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई। एसपी ने ग्रामीणों को 24 घंटे में खुलासे का आश्वासन दिया है।