- विवादों के चलते 18 साल से कॉलेज में नहीं हुआ प्रबंधकीय कार्यकारिणी का चुनाव
- डीएम ने बतौर अध्यक्ष अपने अधिकारों का प्रयोग कर की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। डीएम के आदेश पर 18 साल के बाद उप जिलाधिकारी रितु रानी एसबीडी कॉलेज की प्रशासक नियुक्त हुई। एसडीएम ने कार्यभार ग्रहण कर कार्य शुरू कर दिया है। एसडीएम ने कॉलेज के विभिन्न बैंकों में चल रहे रहे खातों के भुगतान पर पाबंदी लगा दी। लेखा विभाग का संचालन अब उनके आदेशों के बगैर नहीं होगा। बाकी शिक्षण कार्य और परीक्षाएं पहले की तरह से पूर्ववत चलती रहेंगी।
एसडीएम रितु रानी ने प्रशासक पद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि विवाद के चलते कॉलेज में 18 साल से प्रबंधकीय कार्यकारिणी का चुनाव नहीं हो सका है। प्रबंध कार्यकारिणी कालातीत हो चुकी है। पिछले दिनों हाईकोर्ट के आदेश पर कॉलेज में प्रबंध कार्यकारिणी का चुनाव होना था। मगर, कालातीत प्रबंधकीय कार्यकारिणी के प्रबंधक विजय कुमार अग्रवाल ने हाईकोर्ट से स्टे करा रोक लगवा दी।
हाईकोर्ट के स्टे के बाद आदेश सुरक्षित हो गया है। मगर, अभी प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे हालात में संस्था के हितों को देखते हुए प्रबंध कार्यकारिणी के पदेन अध्यक्ष डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कार्यकारिणी के सभी अधिकारों को अपने हाथों में लेते हुए उन्हें कॉलेज का प्रशासक नियुक्त किया है ।
आदेशों का उल्लंघन हुआ तो होगी कार्रवाई
उन्होंने कॉलेज स्टाफ की मीटिंग ली। निर्देशित किया कि कि वह जिस प्रकार से कार्य करते आ रहे हैं, करते रहें। उनकी किसी से रंजिश नहीं है। किसी ने उनके बगैर आदेशों के कोई भी नया कार्य करने का प्रयास किया तो कार्रवाई होगी। उन्होंने लेखा विभाग, प्रशासक कार्यालय में पुराने लटके तालों को हटवा कर अपने नए ताले लगवा दिए।
पिछली बार ऑडिट कब हुआ, प्राचार्य नहीं दे सकी जबाव
एसडीएम ने कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्य डा. पूनम चौहान से पूछा किया कि पिछली बार ऑडिट कब हुआ है। वे कोई सही जानकारी नहीं दे सकी। उन्होंने प्राचार्य को निर्देशित किया कि वह तत्काल जिला ऑडिटर को पत्र भेज कर पता कराएं कि अंतिम बार ऑडिट कब किया गया है।
कॉलेज में 2006 के बाद से नहीं हुआ चुनाव
कॉलेज में 2006 में प्रबंध कार्यकारिणी का चुनाव हुआ था। तब से अब तक चुनाव नहीं हो सका है। प्रशासक की नियुक्ति होने के छह माह के भीतर डीएम कॉलेज के पदेन अध्यक्ष को चुनाव कराने जाने का प्रावधान है।
डीएम पर नियमों की अनदेखी करने का आरोप
विजयकुमार अग्रवाल का कहना है कि डीएम ने नियमों की अनदेखी कर कॉलेज के एसडीएम को प्रशासक नियुक्त किया है। वह डीएम के आदेशों के खिलाफ कोर्ट में जाएंगे।