- प्रतिष्ठान, निजी, सरकारी कार्यालयों में बिजली के बिना कार्य रहा बाधित
- इनवर्टर, बैटरी हुए ठप, जेनरेटर के सहारे चला कार्यालयों में कार्य
फोटो
आंकड़ों पर नजर
- 10 एमवीए का रखा गया नया ट्रांसफार्मर
- 16 हजार उपभोक्ता बिजली कटौती से रहे परेशान
- 25 एमवीए हो जाएगी बिजलीघर की क्षमता
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। ऊर्जा निगम की ओर से ओवरलोडिंग कम करने के लिए आवास-विकास बिजलीघर की क्षमता वृद्धि की गई। मंगलवार सुबह से ही बिजलीघर पर दस एमवीए का नया ट्रांसफार्मर रखने का कार्य शुरू हुआ। इस कारण आधे शहर में सुबह से बिजली गुल रही। भीषण गर्मी में आम उपभोक्ता ही नहीं, जिला मुख्यालय पर निजी, सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी अंधेरे में काम करने को मजबूर हुए।
जिला मुख्यालय पर बिजली आपूर्ति के लिए आवास-विकास और बुखारा बिजलीघर हैं। दोनों बिजलीघरों से 15 फीडरों के माध्यम से 5025 व्यावसायिक उपभोक्ता, 27,915 घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति हो रही है। ओवरलोडिंग दूर करने के लिए आवास विकास बिजलीघर की क्षमता वृद्धि की जा रही है। बिजलीघर पर पांच एमवीए के स्थान पर दस एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा जा रहा है। बिजलीघर की क्षमता 20 एमवीए के स्थान पर 25 एमवीए हो जाएगी।
मंगलवार को दिन में बिजली नहीं होने और भीषण गर्मी से शहर के करीब 16 हजार उपभोक्ता परेशान रहे। ट्रांसफार्मर रखने तक बिजलीघर बंद रहा। करीब एक बजे शहर को दो से तीन घंटे फीडर बार आपूर्ति दी गई, लेकिन लोड अधिक होने से आपूर्ति के दौरान बार-बार ट्रिपिंग हुई और आपूर्ति में लो-वोल्टेज रहे।
सर्दी के दिनों में करते क्षमता वृद्धि
उपभोक्ता विनोद कुमार तोमर, देवेंद्र सिंह, अरविंद कुमार का कहना है कि क्षमता वृद्धि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए की जा रही है, लेकिन भीषण गर्मी में लंबी कटौती से उपभोक्ता परेशान है। यह कार्य सर्दी के दिनों में करते तो ज्यादा अच्छे रहते। सुबह आठ बजे से कटौती होने से शहर के अंदर संचालित सरकारी व माध्यमिक स्कूलों में छात्र व स्टाफ परेशान रहे। नगरीय सरकारी स्कूल में छात्र, सरकारी कार्यालयों में इनवर्टर, बैटरी ठप होने पर दोपहर में कर्मचारी गर्मी में काम करने को विवश रहे।
- कोट
आवास विकास बिजलीघर पर दस एमवीए का नया ट्रांसफार्मर रखा जा रहा है। इसकी सूचना उपभोक्ताओं को पहले देकर सहयोग की अपील की गई। तीन-तीन फीडर बार आपूर्ति दी जा रही है। क्षमतावृद्धि से ओवरलोडिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को निजात मिलेगी - प्रदीप कुमार, एसडीओ