संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। बेसिक विभाग की ओर से संचालित पूर्व माध्यमिक बालक विद्यालय और कमला नेहरू प्राइमरी स्कूल तीन से संचालित नहीं हो रहा है। स्कूल परिसर में बरसाती पानी के जमा होने से विद्यार्थियों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। शुक्रवार को दिन भर दोनों स्कूलों में शिक्षक तो मौजूद रहे, लेकिन 31 पंजीकृत विद्यार्थियों में एक भी छात्र हाजिर नहीं था।
नगर क्षेत्र में मनभावन मंडप के समीप एक ही विद्यालय परिसर में दो स्कूल पूर्व माध्यमिक बालक विद्यालय और कमला नेहरू प्राइमरी स्कूलों का संचालन हो रहा है। इन स्कूलों के भवनों का पालिका की ओर से एक साल पहले कायाकल्प कराया था। स्कूल के बाहर स्थित नाले की पालिका की ओर से तलछट सफाई नहीं हुई। इसका परिणाम यह रहा कि तीन दिन पहले हुई बारिश का पानी मंडप और स्कूलों में भर गया। इस कारण तीन दिन से स्कूल में बच्चों ने जाना बंद कर रखा है।
शिक्षकों हर्ष कुमार और शिवानी गोयल का कहना है कि वह स्कूलों की बदहाली को दूर करने के लिए कई बार पालिका के अधिकारियों को पत्रों के माध्यम से अवगत करा चुके है। मगर, किसी स्तर पर अभी सुनवाई नहीं हो सकी है। इसका नुकसान बच्चों को हो रहा है।
उनके स्तर से पालिका और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही निदान कराने का प्रयास होगा। बच्चों की पढ़ाई को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। - रितु रानी, एसडीएम