विदुर कुटी, बिजनौर व बैराज पर फिल्माए गए सीन
बिजनौर। फिल्म रग रग में है गंगा की शनिवार को दूसरे दिन भी जिले में शूटिंग हुई। फिल्म अभिनेता राजीव खंडेलवाल ने विदुर कुटी, गंज के पौराणिक स्थलों के अलावा बिजनौर व बैराज पर फिल्म की शूटिंग की । बिजनौर में शूटिंग के दौरान सिविल लाइन में जाम के हालात बन गए। फिल्म की शूटिंग देखने को भीड़ उमड़ पड़ी।
फिल्म अभिनेता राजीव खंडेलवाल शनिवार को अपनी टीम के साथ विदुर कुटी पहुंचे। वहां उन पर फिल्म के कई सीन फिल्माए गए। राजीव खंडेलवाल ने नामामि गंगे गंचा विचार मंच के जिला संयोजक सौरभ सिंघल से विदुर कुटी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विदुरकुटी का भ्रमण किया। गंज के कई पौराणिक स्थलों की पर भी फिल्म की शूटिंग की। इसके बाद वे बिजनौर आए और सिविल लाइन में बीकानेर मिष्ठान भंडार पर राजीव खंडेलवाल ने फिल्म की शूटिंग की। उनके दुुकान से मिठाई खरीदने के दृश्य फिल्माए। दुकान के स्वामी प्रदीप सिंघल से बातचीत करते हुए सीन लिए गए। इस दौरान लोगों की भारी-भीड़ लग गई। सड़क पर जाम के हालात बन गए। राजीव खंडेलवाल की एक झलक पाने को लोग बेताब रहे। कई युवकों ने खंडेलवाल के साथ सेल्फी भी ली। करीब एक घंटा शूटिंग के बाद सिविल लाइन में चांदपुर वालो की मूंग की दाल के ठेले पर पहुंचे। ठेले से दाल खाते समय राजीव खंडेलवाल पर सीन फिल्माया गया। यहां भी जाम लगा रहा। कई युवती भी शूटिंग देखने पहुंची। गंगा बैराज पर पहुंचकर गंगा में डाल्फिन वाले क्षेत्र में भी शूटिंग की गई। इसके बाद राजीव खंडेलवाल मेरठ को रवाना हो गए।