नजीबाबाद में एसडीएम को ज्ञापन देने जाते कांग्रेसी।
- फोटो : NAZIBABAD
आवारा पशुओं से बचाएं किसानों की फसल
नजीबाबाद। कांग्रेसियों ने किसानों की फसलों को जंगली व आवारा पशुओं से बचाने, गुलदार द्वारा मारे गए लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने, फसल का दाम लागत से दोगुना दिलाने, नहर की तलछट की सफाई कर पानी छोड़ने सहित कई समस्याओं को उठाया।
कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल मंडल कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर पाराशर, अलताफ रजा खां, सलाहउद्दीन, मुस्तकीम राईन के नेतृत्व में तहसील पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संगीता को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि जंगल और आवारा पशु किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, जिससे किसान को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है। विगत दिनों गांव भोगपुर व नांगलसोती में गुलदार ने दो मासूम बच्चों सहित एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। गुलदार द्वारा मारे गए व्यक्ति के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए। भाजपा सरकार में गन्ने के दाम में एक रुपये भी नहीं बढ़ाया गया है। चीनी मिल किसानों को बकाया गन्ना भुगतान दबाए बैठी हैं। बकाया गन्ना का भुगतान शीघ्र कराने और गन्ने के दाम 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए। ज्ञापन में बेरोजगारी दूर करने, किसानों को खाद व कीटनाशक दवा उपलब्ध कराने और नहरों की तलछट सफाई कराकर सुचारु कराने सहित कई मांगें उठाईं। प्रतिनिधिमंडल में साजिद हुसैन, इमरान जहीर, शौकीन, हाजी नसीम अंसारी आदि शामिल रहे।