बिजनौर जनपद के पैजनिया क्षेत्र के ग्राम नागल जट्ट में दो बदमाशों ने शराब की दुकान पर उधार में बीयर देने से मना करने पर सेल्समैन को लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं ग्राम नांगल जट्ट में ही युवक रंजिशन एक दुकान में घुस गए और फिल्मी स्टाइल में तोड़फोड़ कर दुकानदार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर आबाद निवासी निकित चौधरी पुत्र धर्मराज सिंह ग्राम नांगल जट्ट में शराब की दुकान पर सेल्समैन है। बुधवार दोपहर करीब चार बजे दो अज्ञात बदमाश निकित के पास पहुंचे और उधार में बीयर मांगने लगे। उधार बीयर देने से मना करने पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: Saharanpur: कुदरत के कहर से गांव में मचा हाहाकार, बिजली गिरने से दो मकान क्षतिग्रस्त, देखें तस्वीरें
उधर, ग्राम नागल में ही बिलाई मिल के निकट स्थित किसान आयरन स्टोर पर बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे ग्राम नांगल जट्ट निवासी गजेंद्र व चंद्रभान ने दो अज्ञात युवकों के साथ मिलकर रंजिशन फिल्मी स्टाइल में तमंचे लहराते हुए तोड़फोड़ की और दुकान स्वामी पवन पुत्र रामकरन को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।