स्योहारा। सहसपुर वार्ड नंबर-6 निवासी शारिक (23) पुत्र मोहम्मद नईम का सऊदी अरब में इंतकाल हो जाने से परिवार में मातम छा गया। साथी युवक का फोन आने के बाद परिवार को उसकी तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली थी। कुछ ही देर बाद अस्पताल से मौत की खबर पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
चाचा फहीम अहमद ने बताया कि शारिक सऊदी अरब में काम करता था। उसी कंपनी में कार्यरत उसके साथी राजा का फोन आया कि शारिक की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उसे उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर जेद्दा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सऊदी अरब में ही काम कर रहे फहीम अहमद के पुत्र तारिक को अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने तक शारिक दम तोड़ चुका था।
शारिक की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में शोक व्याप्त हो गया। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अब युवक के शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। चाचा फहीम अहमद ने बताया कि शारिक बेहद मेहनती और जिम्मेदार युवक था। घर की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कम उम्र में ही उसे रोजी-रोटी के लिए विदेश जाना पड़ा।