बिजनौर के हल्दौर में सड़क दुर्घटना में किशोर की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। हादसे में किशोर की मौत से परिवार में मातम है।
क्षेत्र के गांव औलियापुर निवासी आकाश (12) पुत्र जितेंद्र अपने चाचा भूपेंद्र संग भैंसा-बुग्गी से विदुर कुटी गंगा स्नान मेले गया था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात करीब दस बजे वह घर लौट रहा था। उनके साथ बुग्गी पर पड़ोसी अवनीश भी था।
बिजनौर-नूरपुर हाईवे स्थित गांव शरीफपुर व पावटी के उनकी बुग्गी में पीछे से एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में आकाश, भूपेंद्र, पड़ोसी अवनीश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।
जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में ही आकाश ने दम तोड़ दिया। आकाश की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल अख्तियार अहमद अंसारी का कहना है वाहन का पीछा किया गया था, लेकिन पुलिस वाहन को नहीं पकड़ पाई। पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।