धामपुर/अफजलगढ़। धामपुर और कासमपुरगढ़ी ब्लॉक में नोड्यूज को लेकर ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच खूब नोकझोंक हुई।
आरोप है कि एसडीएम से शिकायत करने के बाद भी ग्रामीणों की कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, एसडीएम ने कहा कि जब वे किसी को पैसा नहीं देंगे तो कोई उनसे कैसे ले लेेगा।
धामपुर के आरओ अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन में 911 प्रधान पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इनमें से बुधवार को 341 लोगों ने पर्चे खरीदे।
वहीं, ग्राम सदस्य पद के 974 पर्चों की बिक्री हुई। बुधवार को 735 लोगों ने सदस्य पद के लिए पर्चे खरीदे। एआरओ राजपाल सिंह ने बताया कि चालान जमा कराने को एसबीआई में तीन के स्थान पर पांच काउंटरों की व्यवस्था करा दी गई थी। जिन लोगों के चालान बुधवार को जमा नहीं हो सके हैं, वे घबराएं नहीं।
बृहस्पतिवार और शुक्रवार को शाम के चार बजे तक संबंधित बैंक में चालान जमा होंगे। 19 नवंबर से नामांकन पत्रों को जमा करने का काम शुरू होगा।
वहीं, दूसरी तरफ नोड्यूज को लेकर काफी गहमागहमी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि नोड्यूज के लिए पैसे की मांग कर रहे हैं। एसडीएम ने भी शिकायत के बाद भी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी का पक्ष लेते हुए ग्रामीणों से पैसे न देने का तर्क दिया।
एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि तहसील क्षेत्र के तीनों ब्लाकों में नामांकन पत्रों की बिक्री शांतिपूर्वक हुई।
दोनों ब्लाकों में रही अव्यवस्था
दोनों ब्लाक में सबसे ज्यादा अव्यवस्था विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की वजह से हुई। नामांकन पत्रों में नोड्यूज लगाना जरूरी है।
इसका मतलब है कि संबंधित व्यक्ति के ऊपर विकास विभाग की कोई सरकारी बकाया नहीं है। आरोप है कि इस नोड्यूज प्रमाणपत्र के नाम पर विकास विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से जमकर वसूली की।
शिकायत के बाद भी किसी भी अफसर ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसकी वजह से दोनों ब्लाकों में वसूली को लेकर दिनभर अव्यवस्था हुई।
अव्यवस्था के लिए मैं नहीं जिम्मेदार : आरओ
धामपुर। बढ़ती अव्यवस्था को सही कराने की मांग को लेकर जब ग्रामीण आरओ अश्वनी कुमार सिंह के पास गए तो वे भड़क गए।
कहा कि उनका काम केवल नामांकन पत्रों की बिक्री करना और जमा कराने के बाद मतदान कराना है। यदि बाहर अव्यवस्था है तो उसके लिए वे नहीं बल्कि प्रशासन दोषी है। व्यवस्था बनाने के लिए ग्रामीण एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह, सीओ अशोक यादव से शिकायत करें। उधर, दोनों अधिकारियों ने व्यवस्था को बेहतर बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया।
कासमपुरगढ़ी में प्रधानी के 381 पर्चे बिके
कासमपुरगढ़ी। एडीओ पंचायत ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रधानी पद के लिए दोनों दिनों में 381 पर्चे बिके और ग्राम सदस्य पद के 526 पर्चे बिके।
यहां पर कुल 78 ग्राम सभाओं में प्रधान पद को लेकर चुनाव होना है। मदन सिंह, गोपाल सिंह, राजेश कुमार का कहना है कि नामांकन पत्र खरीदारी के बाद उन्हें चालान जमा करने को यहां से करीब 40 किमी दूर धामपुर जाना पड़ रहा है। प्रशासन ने अफजलगढ़ या कासमपुरगढ़ी के किसी बैंक में चालान जमा कराने की व्यवस्था की मांग की है।
नोड्यूज में अवैध वसूली, हंगामा
नहटौर। ब्लॉक आंकू नहटौर में ग्राम प्रधानी और पंचायत सदस्य चुनाव के लिए 21 तारीख से नामाकंन प्रक्रिया शुरू होगी। 19 तारीख से पर्चे खरीदने शुरू हो जाएगें।
पर्चे खरीदने से पहले ही प्रत्याशी नोड्यूज लेने के लिए ब्लॉक में पंचायत सचिवों के पास पहुुंच रहें हैं। ग्राम पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायत का नोड्यूज देने का अधिकार दिया गया हैं।
प्रत्याशियों का आरोप हैं कि ग्राम पंचायत का नोड्यूज देने के लिए सचिव 100 रुपये से लेकर 500 रुपये तक वसूल रहें हैं। नोड्यूज में अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा भी किया। बीडीओ ने बताया ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी।
चुनाव के दिन शराब की दुकानें रहेंगी बंद
बिजनौर। डीएम वीके पंवार ने बताया कि पंचायत चुनाव के मद्देनजर ब्लाकवार शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इसका कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है।
आदेश का उल्लंघन होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रथम चरण में ब्लाक कोतवाली, किरतपुर और नजीबाबाद में 28 नवंबर को मतदान होना है। इन विकास क्षेत्रों में 26 नवंबर को सांय पांच बजे से मतदान होने तक देशी शराब, विदेशी शराब, मॉडल शॉप और भांग की दुकानें बंद रहेंगी।
ऐसे ही दूसरे चरण में एक दिसंबर को ब्लाक स्योहारा, धामपुर और अफजलगढ़ में मतदान होगा। इन विकास क्षेत्रों में 29 नवंबर सांय पांच बजे से मतदान होने तक तीसरे चरण में पांच दिसंबर को ब्लॉक नूरपुर, आकू और जलीलपुर में चुनाव होना है।