बिजनौर। कांवड़ यात्रा के चलते भारी वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन 28 जुलाई की रात 12 बजे से लागू कर दिया गया था। 30 जुलाई की रात से चार पहिया और हल्के वाहनों को भी कांवड़ मार्ग पर चलने की इजाजत नहीं होगी। कांवड़ यात्रा और यातायात की निगरानी करने के लिए जिले में 85 अस्थायी चौकी बना दी गई हैं।
कांवड़ मार्ग पर चौराहा-तिराहा और अन्य संवेदनशील स्थानों का वर्गीकरण कर दिया गया है। जहां भीड़ या वाहनों का दबाव ज्यादा रहता है, उन्हें ए-वर्ग में रखा गया है। ए वर्ग में 85 जगहों को अस्थायी चौकी में तब्दील कर दिया गया है। इन जगहों पर जलरोधी तंबू लगा दिए गए हैं। प्रवास करने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। अस्थायी चौकी पर एक दरोगा और पांच सिपाही तैनात रहेंगे, जिन्हें 12-12 घंटे की ड्यूटी करनी होगी। हालांकि ड्यूटी खत्म होने के बाद भी अस्थायी चौकी पर ही प्रवास करना होगा।
सीसीटीवी से निगरानी के लिए बनाए गए छह कंट्रोलरूम : पिछली बार जिला मुख्यालय पर ही कंट्रोलरूम से निगरानी होती रही है। इस बार सीसीटीवी की संख्या में इजाफा किया गया है। साथ ही सभी सीओ कार्यालय पर कंट्रोलरूम बनाया गया है, जहां से कांवड़ मार्ग की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। धरातल पर तैनात पुलिसकर्मी की अगर उक्त गतिविधि पर नजर नहीं पड़ी तो कंट्रोलरूम से तुरंत ही दिशा निर्देश जारी किए जा सकेंगे।