बिजनौर। कांवड़ यात्रा को लेकर लागू रूट डायवर्जन आज खत्म हो गया है। इसके साथ ही रोडवेज बसों का संचालन मंगलवार से निर्धारित मार्गों पर शुरू हो जाएगा। लंबे समय से डायवर्जन के कारण यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। अब बसों के पुराने मार्ग पर लौटने से यात्रियों को राहत मिलेगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते जिले में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बंद कर दिया गया था। इनमें बिजनौर-नूरपुर-मुरादाबाद, बिजनौर-हल्दौर-धामपुर, बिजनौर-नगीना और धामपुर-स्योहारा-मुरादाबाद मार्ग प्रमुख रूप से शामिल थे। इन मार्गों पर भारी और यात्री वाहनों का आवागमन बंद था। रोडवेज बसों को भी निर्धारित मार्गों के बजाय दूसरे मार्गों से संचालित किया जा रहा था। ऐसे में राहगीरों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रूट डायवर्जन की वजह से बिजनौर डिपो की करीब 50 बसों के पहिए नहीं घूमे। अब रूट डायवर्जन समाप्त होने के बाद रोडवेज बसों का निर्धारित मार्गों पर संचालन होगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि अब बसों का निर्धारित मार्गों पर ही संचालन होगा।