धामपुर। ब्लॉक क्षेत्र के गांव ज्योतहिम्मा के ग्रामीणों ने गोशाला के संबंध में की गई शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण सत्येंद्र कुमार और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी हिमांशु चौहान की टीम ने जांच की। जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। बीडीओ त्रिलोकचंद ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को नोटिस जारी किया है। बताया गया कि जांच के दौरान गोशाला में भारी अव्यवस्था पाई गईं। 235 संरक्षित पशु मिले, इनमें से अधिकांश बीमार पाए गए। तीन की हालत ज्यादा गंभीर थी। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मोहित कुमार बार-बार निर्देशित करने के बाद भी गोशाला की तरफ ध्यान नहीं दे रहे। इसकी बार-बार शिकायत हो रही थी। उन्होंने सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण की रिपोर्ट मिल जाने के बाद क्षेत्र के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मोहित कुमार को नोटिस जारी किया है। साथ ही बीडीओ ने निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी तीसरे दिन गोशाला का निरीक्षण करेंगे और पशु चिकित्सा अधिकारी प्रतिदिन बीमार पशुओं का उपचार करेंगे। यदि इसमें कोताही बरती तो ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सीडीओ और डीएम को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।