यातायात नियम तोड़ने वालों को दिए गुलाब के फूल
बिजनौर। सहायक संभागीय परिवहन विभाग की ओर से मनाए जा रहे चतुर्थ विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को दंडित करने स्थान पर गुलाब के फूल दिए गए। तीसरे दिन रोडवेज के चालकों-परिचालकों के प्रशिक्षण के साथ कोरोना वायरस से बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
शासन के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन विभाग की ओर से चतुर्थ विशेष सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को दूसरे दिन एआरटीओ प्रवर्तन मनोज सिंह ने यातायात पुलिस के साथ सड़क सुरक्षा के नियमों का अनुपालन न करने वाले वाहन चालकों को दंडित करने के स्थान पर गुलाब का फूल भेंट कर भविष्य में हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया गया। शुक्रवार को तीसरे दिन एआरटीओ प्रशासन प्रणव झा और एआरटीओ प्रवर्तन मनोज सिंह ने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सीख दी। इसके अलावा सभी को दुनिया भर में कोहराम मचाने वाले जानलेवा कोरोना वायरस से बचने के लिए विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया गया। इस अवसर पर एआरएम विनोद कुमार मौर्य, बस स्टेशन प्रभारी सुनील कुमार, एआरटीओ कार्यालय के वरिष्ठ सहायक सत्यप्रकाश आदि मौजूद रहे।