धामपुर। पालिका बोर्ड की बैठक में तीन करोड़ रुपये की लागत से करीब 75 सड़कों का निर्माण कराने का सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास हुआ। प्राइवेट बस अड्डे के पास स्थित अमृत सरोवर तालाब को सुंदरीकरण कर भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव पास हुआ।
मंगलवार को शिवाजी पार्क स्थित पंडित संपादकाचार्य रुद्रदत्त शर्मा सभाकक्ष में पालिका बोर्ड की बैठक हुई। अधिशासी अधिकारी रवि शंकर शुक्ला ने बैठक में जानकारी दी कि नगर पालिका की आय में वृद्धि करने के लिए सरकार के आदेश पर जियोग्राफिक इनफार्मेशन सिस्टम से सर्वे कराया जाएगा। इसके तहत रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, जीपीआर ई गवर्नेंस लिडार, बैथीमैट्री बिलिंग सॉफ्टवेयर, यूआईडी सिस्टम, मोबाइल एप वेब पोर्टल, म्यूटेशन मॉड्यूल, ट्रेड लाइसेंस, इंश्योरेंस मैनेजमेंट आदि को विकसित करने के लिए जीआईएस सर्वे किया जाएगा।
हालांकि सदस्यों ने यह कहते हुए प्रस्ताव का विरोध किया कि इससे नागरिकों पर अतिरिक्त भार बढ़ेगा। वह इसे लागू नहीं होने देंगे। वार्ड नंबर -4 में प्राइवेट बस स्टैंड के पास स्थित अमृतसरोवर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा लगाने का भी प्रस्ताव पास हुआ। 15 लाख रुपये से लोगों को सर्दी से बचाव के लिए लकड़ी क्रय करने, शीत ऋतु में असहाय, गरीब व्यक्तियों को 1500 कंबल बांटने के लिए 7.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने, पालिका सफाई विभाग में स्थायी एवं संविदा आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों, जलकल में कार्यरत कर्मचारियों को अलग-अलग गर्म-ठंडी वर्दी देने का प्रस्ताव भी पास हुआ।
पालिका अध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगर विकास योजना के अंतर्गत करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से पालिका कार्यालय भवन और आवासों का निर्माण होगा। शुद्ध पेयजल योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछेगी। वंदन योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की लागत से धामपुर बड़ी मंडी में अशोक स्तंभ के निकट सुंदरीकरण कार्य होगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय विकास योजना के अंतर्गत भी एक करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य होने हैं। उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर को विकसित करने के लिए 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। संचालन बाबू पवन कुमार ने किया।