शीघ्र ही बनेगी फाटक से स्टेशन तक की सड़क
बिजनौर। वर्षों से क्षतिग्रस्त नगीना रोड पर स्थित रेलवे क्रासिंग से रेलवे स्टेशन पर जाना वाला संपर्क मार्ग अब शीघ्र ही बन जाएगा। इसके लिए नगर पालिका परिषद बिजनौर के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नवनीत गर्ग के प्रयास रंग लाए। वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यवीर त्यागी के तर्कपूर्ण मुकदमे के फलस्वरूप उप जिला मजिस्ट्रेट ने 15 दिन के भीतर सड़क बनाने का आदेश जारी किया है।
रेलवे फाटक से रेलवे स्टेशन तक सड़क पूरी तरह से टूटी हुई है। इसमें जगह-जगह गड्ढे होने के कारण जलभराव हो जाता है। गर्मियों में पूरे दिन धूल उड़ती रहती है। अधिवक्ता सत्यवीर त्यागी की ओर से जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया था। इस मामले की सुनवाई के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने उप जिला मजिस्ट्रेट को नामित किया था। इससे पूर्व उन्होंने रेलवे के मुरादाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक से भी सड़क बनवाने की अपील की थी, लेकिन इस मामले की अनदेखी की गई तो उन्होंने यह मामला जिला मजिस्ट्रेट की न्यायालय में डाल दिया था।
रेलवे स्टेशन तक टूटने के कारण धूल मिट्टी उड़ने और नाला बंद होने के संबंध में शिकायत की थी। इसके बावजूद इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया था। इस मामले को डॉ. नवनीत गर्ग के कहने पर ही वरिष्ठ अधिवक्ता सत्यवीर त्यागी ने जोर शोर से उठाया, जिससे प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकी। डॉ. नवनीत के अनुसार इस मामले में कोर्ट ने भी आदेश जारी कर दिया है कि यह सड़क रेलवे के हिस्से में आती है और इसे बनवाने की विभाग की ही जिम्मेदारी है। डॉ. नवनीत के अनुसार एसडीएम ने इस सड़क को बनवाने के लिए 15 दिन के भीतर काम शुरू कराने के आदेश जारी किए हैं।