- लोनिवि ने शुरू कराया संपर्क मार्ग का निर्माण, किसानों को आवागमन में मिलेगी राहत
नांगलसोती। बरकातपुर चौराहा से पुंडरीकलां तक संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य लोनिवि ने शुरू करा दिया है। सड़क बनने से किसानों और मिल कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इस पेराई सत्र में किसानों को आवागमन में राहत मिलेगी।
बरकातपुर चौराहा से पूंडरीकला तक करीब तीन किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग है। मार्ग से बरकातपुर, सबलपुर बितरा, पूंडरी खुर्द, पूंडरीकला गांव जुड़े हैं। इसी मार्ग से बरकातपुर चीनी मिल के पेराई सत्र के दौरान किसान गन्ना लेकर चीनी मिल जाते हैं। कई जगहों से मार्ग क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही थी। मार्ग निर्माण के लिए छह माह पूर्व टेंडर जारी हुआ था, लेकिन लोनिवि मार्ग निर्माण में लेटलतीफी करता रहा।
मंगलवार को लोनिवि ने बरकातपुर चौराहा-पूंडरीकला मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया। जेई पन्नालाल ने बताया कि बरकातपुर चौराहे से पूंडरीकला संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पूर्व पूरा कर लिया जाएगा।