बिजनौर नगीना मार्ग खस्ताहाल संवाद
बिजनौर। कोतवाली मार्ग पर बिजनौर में शक्ति चौक से वीकेआईटी कॉलेज तक सड़क बदहाल है। मगर अब इस सड़क की हालत सुधरने वाली है। दरअसल लोक निर्माण विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को एस्टीमेट भेज दिया है। नेशनल हाईवे से बजट मिलते ही इस सड़क की मरम्मत कर दी जाएगी। बिजनौर से कोतवाली जाने वाली सड़क पहले लोक निर्माण विभाग के अधीन हुआ करती थी। बाद में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे का हिस्सा बनी तो इस सड़क के 16 किलोमीटर के हिस्से में सड़क को चौड़ा कर दिया गया है। बाईपास निर्माण की वजह से वीकेआईटी से शक्ति चौक तक सड़क का निर्माण नहीं हो पाया।
करीब पांच किलोमीटर लंबी यह सड़क बदहाल है। जगह जगह गड्ढें है। नेशनल हाईवे ने पहले सड़क के हिस्से को लोनिवि के हवाले करने की कोशिश की। मगर लोनिवि ने बदहाल सड़क लेने से इनकार कर दिया।
इसके बाद दोनों ही संस्थाओं में सहमति बनी कि सड़क की मरम्मत में आने वाला खर्च नेशनल हाईवे अथॉरिटी वहन करेगी। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से एस्टीमेट तैयार करके नेशनल हाईवे अथॉरिटी को भेज दिया है। सड़क की मरम्मत पर सात करोड़ 34 लाख रुपये का खर्च आएगा।