पंचायत उपचुनाव के लिए आरओ तथा एआरओ तैनात
बिजनौर। पंचायतों के उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र की बिक्री बृहस्पतिवार से शुरू हो रही है। प्रशासन ने उपचुनाव के लिए चुनाव अधिकारियों की तैनाती कर दी है। पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के रिक्त पदों के चुनाव में नामांकन पत्र खरीदने के लिए नवनिर्वाचित तथा पराजित प्रत्याशियों के समर्थक ब्लाक दफ्तरों में चक्कर लगा रहे हैं।
जिले की 1004 ग्राम पंचायत में उपचुनाव है। इनमें नजीबाबाद ब्लाक में प्रधान, कोतवाली ब्लाक व अफजलगढ ब्लाक में क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत 6609 ग्राम पंचायत सदस्य का निर्वाचन होना है। प्रशासन ने उपचुनाव की व्यवस्थाओं में तेजी ला दी है। सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि उपचुनाव सभी 11 ब्लाक में हैं। हर ब्लाक में एक आरओ नियुक्त कर दिया है। एआरओ न्याय पंचायत वार तैनात हैं। कुल 130 सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) रहेंगे। बताया 26 एआरओ आरक्षित रखे गए हैं। बताया कि नामांकन पत्र बिक्री के लिए तीन जून को बृहस्पतिवार को काउंटर खुल जाएंगे। नामांकन पत्र की बिक्री ब्लाकवार है। छह जून को नामजदगी है। इसलिए नामांकन पत्र छह जून तक बिकेंगे।