दस किलोमीटर इलाके में की गई कांबिंग
बिजनौर। बदमाशों के पास एक तमंचा, सिपाही के पास इंसास राइफल और होमगार्ड के पास एसएलआर थी, इसके बाद भी बदमाश पुलिस पर हावी हो गए। जिस वक्त बदमाश सिपाही और होमगार्ड पर हमला बोल रहे थे, उस वक्त जेसीबी के ड्राइवर ने वीडियो बना ली। इसमें सिपाही बदमाशों से लड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हाईवे पिकेट पर तैनात प्रशिक्षु सिपाही ललित और होमगार्ड भीम सिंह पर हमला होने और इंसास राइफल लूटने की सूचना पर एएसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह और एएसपी देहात राम अर्ज रात में ही मौके पर पहुंच गए और भूतपुरी क्षेत्र में एसओ अफजलगढ़, रेहड़, शेरकोट और पुलिस बल के साथ कांबिंग की। भूतपुरी जसपुर मार्ग और धामपुर मार्ग सहित दस-दस किमी तक आसपास के इलाकों में कांबिंग की गई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
रामगंगा नदी में भी ढूंढी गई राइफल
पुलिस का मानना है कि बदमाश राइफल को लेकर ज्यादा दूर तक नहीं गए होंगे, राइफल नदी में फेंके जाने की आशंका के चलते पुलिस ने गोताखोर बुलाकर रामगंगा नदी में राइफल की तलाश कराई। दिनभर पानी में राइफल को तलाश किया जाता रहा।
बाइक पर लगी थी कार के नंबर की प्लेट
बिजनौर। इंसास लूट के मामले में बुधवार की देर शाम थाना अफजलगढ़ पुलिस, स्वाट और काशीपुर पुलिस ने बदमाश रहमान पुत्र जीशान निवासी मोहल्ला अलीखां कस्बा थाना काशीपुर को बाइक और राइफल के साथ दबोच लिया है।
वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी बरामद किया गया है। हालांकि पकड़े गए बदमाश का दूसरा साथी हैदर पुत्र सरताज निवासी विजयनगर काशीपुर उत्तराखंड अभी फरार है। हैदर बीस कारतूस से भरी हुई मैगजीन लेकर फरार चल रहा है। जिसे पकड़ने के लिए उत्तराखंड में अलग अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने नेशनल हाईवे पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले, शुरुआत में बदमाशों के स्थानीय होने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन बाद में उत्तराखंड के होने की बात पुख्ता हुई। बदमाशों की बाइक पर जो नंबर प्लेट लगी थी, वह फर्जी थी। उक्त बाइक के नंबर की पड़ताल की गई तो वह कार का निकला।
बदमाशों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की गई थी, दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसकी निशानदेही पर राइफल भी बरामद हो गई है। दूसरे बदमाश की तलाश जारी है - डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, एसपी सिटी