बढ़ापुर के मोहल्ला नोमी निवासी एक लाख का इनामी बदमाश जॉनी जिले की पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया था। जॉनी को तलाशने में पुलिस को सादे कपड़ों में सड़कों पर रहना पड़ रहा था। मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय करने का दावा किया जा रहा था। बावजूद इसके जॉनी की कोई लोकेशन पुलिस को नहीं मिल रही थी।
वहीं, गुरुवार रात करीब नौ बजे जॉनी नगीना में तुलाराम के रेस्टोरेंट पर पहुंचा और आराम से बैठकर आठ रसगुल्ले खाए। इसके बाद जॉनी हरिद्वार जाने वाली रोडवेज की बस में बैठकर चला गया। जॉनी काफी देर तक नगीना इलाके में रहा। किसी व्यक्ति ने जॉनी के रसगुल्ला खाने की सूचना पुलिस को दे दी।
इसके बाद जिले भर के अफसर जॉनी को तलाशने में जुट गए। पुलिस ने रात में ही हलवाई की दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। फुटेज में जॉनी रसगुल्ले खाने के बाद हरिद्वार जाने वाली बस में बैठता दिखाई दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने नगीना का पूरा इलाका खंगाला, हरिद्वार जाने वाली रोडवेज बसों की चेकिंग कराई गई।
रात भर छोटे- बड़े सभी वाहनों की चेकिंग की गई, पर जॉनी नहीं मिला। दिन निकलने पर भी पुलिस ने तलाश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पुलिस इस बात को लेकर आश्चर्य में है कि स्योहारा में नितिका की हत्या करके फरार हुआ जॉनी नगीना इलाके में कैसे और क्यों पहुंचा? कहीं नगीना और बढ़ापुर में तो जॉनी के निशाने पर कोई नहीं है।
यह भी पढ़ें: यूपीः भाजपा नेता के बेटे व भतीजे की गोली मारकर हत्या, डबल मर्डर की वजह तलाशने में जुटी पुलिस
जॉनी को तलाशने में पुलिस का जजी परिसर और आसपास में दिन भर पहरा रहा। पुलिस को शक था कि जॉनी कोर्ट में सरेंडर कर सकता है। दिन भर जजी और उसके आसपास सादे कपड़ों में पुलिस तैनात रही।
जजी में आने जाने वालों पर कड़ी नजर रखी गई। वाहन से आने वाले हर शख्स पर भी नजर रखी गई। यहां तक कि पर्दानशीं महिलाओं पर भी पुलिस नजर गड़ाए रही। ताकि पर्दानशीं की आड़ में जॉनी तो जजी में नहीं आ रहा। दिन भर पुलिस जजी के आसपास मंडराती रही लेकिन जॉनी कोर्ट में सरेंडर करने नहीं आया।
रेस्टोरेंट में आधे घंटे तक बैठा रहा जॉनी
एक लाख के इनामी बदमाश जॉनी की नगीना में लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने पूरा इलाका खंगाल डाला। पर जॉनी का कोई क्लू नहीं मिला। जॉनी ने करीब 30 मिनट तक रेस्टोरेंट में बैठकर आराम से रसगुल्ले खाए। इसके बाद वह वहां से बेखौफ होकर निकला।
सूत्रों के मुताबिक जॉनी ने गुरुवार रात करीब दस से साढ़े दस बजे के बीच तुलाराम रेस्टोरेंट में रसगुल्ले खाए। इससे पहले जॉनी बराबर वाले मोहन रेस्टोरेंट में गया और कुछ देर वहां रुका। इसके बाद जॉनी ने तुलाराम के रेस्टोरेंट में बैठकर रसगुल्ले खाए।
जॉनी के नगीना में लोकेशन मिलने के बाद पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस चौतरफा उसे तलाशती रही पर उसका कुछ अता पता नहीं चला। अभी भी पुलिस को शक है कि जॉनी नगीना क्षेत्र के किसी इलाके में छिपा है। किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की वह फिराक में है। पुलिस ने नगीना क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/