11 दुकानों को राजस्व विभाग की भूमि में बताते हुए नोटिस जारी किया गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
कोतवाली देहात। ग्राम बरुकी में 11 दुकानों पर चल रहे विवाद में 10 लोगों ने उच्च न्यायालय से स्टे आदेश प्राप्त कर लिया है। इसके बाद फिलहाल दुकानों को हटाने की कार्रवाई रोक दी गई है।
ग्राम बरूकी में 11 दुकानों को राजस्व विभाग की भूमि में बना हुआ बताते हुए नोटिस जारी किया गया था। तहसीलदार के आदेश पर लेखपाल ने भूमि की पैमाइश करने के बाद सभी दुकानदारों को दुकान एवं भूमि खाली करने का नोटिस जारी किया था।
यह प्रकरण लगभग एक साल से चल रहा है। सोमवार को लेखपाल विनेश कुमार ने गांव में मुनादी कराई। मुनादी में दुकानदारों से भूमि खाली करने को कहा गया। इस पर दुकानदारों ने भूमि पर स्टे आर्डर दिखाया, जिस पर राजस्व विभाग की टीम लौट गई।
लेखपाल विनेश कुमार ने बताया कि दुकानदारों ने उक्त भूमि पर स्टे लिया है। इस संबंध में याचिका की फाइल मंगाई जा रही है। स्टे के विरुद्ध न्यायालय में अपील दायर की जाएगी। स्टे लेने वालों में टीकम सिंह, यशपाल, मोहम्मद ताहिर, दिलशाद, नवाब, राजेंद्र, अब्दुल मजीद, वहाब, ओमकार, यामीन शामिल हैं।