सेवानिवृत्त शिक्षिका का बैग काटकर 2.35 लाख रुपये चोरी
नजीबाबाद। सेवानिवृत्त शिक्षिका का बैग काटकर ई-रिक्शा में सवार दो संदिग्ध महिलाओं ने 2.35 लाख रुपये चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी डॉ.प्रवीण रंजन सिंह ने नजीबाबाद पहुंचकर घटना की जानकारी की। संदिग्ध महिलाओं की तलाश के लिए सिविल पुलिस और एसओजी टीम लगाई गई है।
गुरुनानक कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका शशि रानी अपने पति सेल्स टैक्स के सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमिश्नर सुखलाल के साथ पंजाब नेशनल बैंक से नगदी लेने गई थीं। शुक्रवार को लगभग दो बजे शिक्षिका शशि रानी ने 6.35 लाख रुपये की नगदी निकालकर बैग में रख ली। बैंक से बाहर आते ही दंपती ने ई-रिक्शा ली। ई-रिक्शा पर बैंक के बाहर से दो महिलाएं भी सवार हुईं। स्टेशन चौराहे पर दोनों महिलाएं उतर गईं।
शिक्षिका जैसे ही गुरुनानक कॉलोनी पहुंची तभी उन्हें बैग हलका होने का आभास हुआ। बैग की साइड लगभग चार इंच कटी हुई थी। बैग से 2.35 लाख रुपए की नकदी नहीं थी। शिक्षिका और उनके पति ने तत्काल रेलवे स्टेशन पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी पर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने पुलिस के साथ पहुंचकर पीएनबी तथा आसपास के कैमरे खंगाले।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी डॉ.प्रवीण रंजन सिंह और सीओ नगीना राकेश कुमार श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी सिटी ने पीड़ित शिक्षिका से घटना की जानकारी की। उन्होंने सिविल पुलिस और एसओजी टीम को संदिग्ध महिलाओं का पता लगाकर घटना का तत्काल खुलासा करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए टीम लगाई गई है।
घटना को अंजाम देने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुईं संदिग्ध महिलाएं
नजीबाबाद। शिक्षिका को पति के साथ पीएनबी मुख्य शाखा से बैग लेकर आते देखकर बैंक के निकट खड़ीं दो संदिग्ध महिलाएं भी उनके साथ ई-रिक्शा में सवार हो गईं। शिक्षिका के पैरों के बीच में रखा बैग काटकर सामने बैठी महिलाओं ने लाखों रुपये की नगदी चोरी कर ली और मात्र 500 मीटर की दूरी पर चलकर स्टेशन चौराहे पर उतर गईं।