हल्दौर (बिजनौर)। खेत पर फसल की सिंचाई कर रहे रिटायर्ड फौजी पर परिवार के ही लोगों ने रंजिश के चलते हमला कर दिया। जिसमें घायल हुए रिटायर्ड फौजी ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गांव सुमालखेड़ी के रहने वाले रिटायर्ड फौजी यशपाल (52) पुत्र होरी सिंह फिलहाल बिजनौर शहर में रहते थे। रविवार की शाम अपने गांव स्थित खेती की जमीन में खड़ी फसल की सिंचाई करने के लिए गए। आरोप है कि इसी दौरान परिवार के ही हरदीप और राहुल पुत्रगण आनंदपाल तथा हरदीप का बेटा दिव्यांशु खेत पर पहुंचे। इन्होंने गाली गलौच की। विरोध करने पर लाठी डंडों से यशपाल पर हमला बोल दिया। लहूलुहान हालत में यशपाल खेत से जान बचाकर गांव में पहुंचे। ग्रामीणों ने उनका हाल देखा तो मामले की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां नाजुक हालत देखते हुए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। सोमवार को उपचार के दौरान ऋषिकेश के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। मृतक यशपाल की पत्नी अंजू की ओर से हरदीप, राहुल और दिव्यांशु के खिलाफ जानलेवा हमले केस दर्ज कराया था। अब पुलिस ने घायल की मौत के बाद अन्य धाराओं में केस को तरमीम कर लिया है।