बिजनौर जेल में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक
बिजनौर। कोराना वायरस के चलते जेल में सख्ती बढ़ा दी गई है। किसी बाहरी व्यक्ति को जेल में जाने की इजाजत नहीं है। जेल की बैरकों में भी बिना मास्क व दूरी बनाए बंदियों को भी नहीं रहने दिया जा रहा है। पिछले एक साल से बंदियों से मुलाकात पर रोक लगी हुई है। कई बंदी मुलाकात न होने से परेशान हैं। जेल प्रशासन बंदियों के घर से आने वाले सामान को उनके पास पहुंचा देता है।
जिला कारागार में इस समय 1100 बंदी हैं। पिछले साल 28 मार्च से बंदियों की मुलाकात पर रोक लगी हुई है। बंदियों की जेल के पीसीओ से परिजनों से बात करा दी जाती है। उनके घर से आए सामान को जेल प्रशासन जांच के बाद बंदियों तक पहुंचा देता है। तमाम सिफारिशों को दरकिनार करके जेल प्रशासन बंदियों की मुुलाकात नहीं करा रहा है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को जेल में जाने की इजाजत नहीं है। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देख जेल प्रशासन ने जेल में और ज्यादा सख्ती कर दी है। बैरक का कोई भी बंदी बिना मास्क के नहीं रहता। सब बंदी आपस में दूरी बनाकर रह रहे हैं। जेल प्रशासन बंदियों को कोरोना से बचाने के हर संभव उपाय करने में जुटा है। जेल अधीक्षक लाल रत्नाकर सिंह के मुताबिक जेल में कोरोना वायरस के चलते सख्ती कर दी गई है।