नूरपुर में पकड़ी गई दवाइयों की जांच करती टीम।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर में सोमवार को तीन जिलों की औषधि विभाग की टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली दवाइयां पकड़ी हैं। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी मौके से फरार हो गया। औषधि विभाग की टीम ने पकड़ी गई दवाइयों के नमूने लेकर उन्हें सील कर दिया है।
सोमवार की दोपहर बिजनौर के औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा, अमरोहा के राजेश कुमार, मुरादाबाद के नरेश मोहन दीपक ने टीम के साथ फतेहाबाद रोड स्थित राजू मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। टीम के पहुंचते ही मेडिकल स्टोर स्वामी नवीन निश्चल मौके से फरार हो गया। टीम ने मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ऑक्सीटासिन के इंजेक्शन, स्पासमोप्रोक्सीवन, एल्प्रेक्स के अलावा फिजीशियन सेंपल बरामद किए। बरामद हुई दवाइयों की कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
औषधि विभाग की टीम बरामद दवाइयों को थाने ले आई। जांच में कई दवाइयों पर ऐसी कंपनियों के नाम मिले जो औषधि विभाग में रजिस्टर्ड ही नहीं हैं। ऐसी दवाइयों के नकली होने की संभावना लगाई जा रही है। बिजनौर के ड्रग इंस्पेक्टर आशुतोष मिश्रा ने बताया कि नवीन निश्चल पर होलसेल में दवाइयों की बिक्री का लाइसेंस है। प्रतिबंधित दवाओं, फिजीशियन सैंपल का मेडिकल स्टोर पर मिलना बड़ी बात है। वह दवाओं को रिटेल में बेचता था और होलसेल में इसकी जांच की जा रही है। दवाओं के नमूने लिए गए हैं तथा जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।