नजीबाबाद में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के क्षेत्रीय अधिवेशन में पांच जनपदों से आए इंजीनियरों ने उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने, बिजली लॉस को कम करने, राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में जूनियर इंजीनियर्स संगठन की क्षेत्रीय कार्यकारिणी का गठन कर सर्वसम्मति से देवेंद्र यादव को क्षेत्रीय अध्यक्ष और योगेश कुमार को क्षेत्रीय सचिव चुना गया।
जूनियर इंजीनियर्स संगठन के नौवें अधिवेशन में मुख्य अतिथि मुख्य अभियंता मुरादाबाद अंशुल अग्रवाल ने विद्युत कर्मचारियों से शासन द्वारा बिजली उपलब्ध कराने के निर्देशों का अनुपालन करने, अपने दायित्वों को निष्ठा के साथ पूरा करने की सलाह दी। मुख्य अभियंता ने इंजीनियरों से विद्युत लॉस को कम करने, ट्रांसफार्मर आदि उपकरणों और लाइन को दुरुस्त रखने के लिए विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष देवेंद्र यादव की अध्यक्षता एवं पश्चिमांचल अध्यक्ष वीपी गुप्ता के संचालन में आयोजित अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि अधीक्षण अभियंता आरएस यादव ने व्यवस्था में सुधार के सुझाव दिए। जूनियर इंजीनियरों ने राजस्व वसूली में तेजी लाने, विद्युत लाइनों और ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त रखने, सरकार द्वारा 24 व 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के निर्देशों का पालन करने के लिए प्रयासरत रहने का दावा किया। अधिवेशन में मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर, सुधीर कुमार, आरपी सिंह, रामेश्वर सिंह, मितेश कुमार, जाहिद इकबाल, एमएस बंसल, योगेश ,अमित ,राहुल यादव, सूर्यकांत शर्मा, संजय सहित अनेक इंजीनियरों ने भाग लिया।