नूरपुर के विकास मेडिकल एजेंसी मालिक अवनीश पर रिपोर्ट दर्ज
बिजनौर। जिला औषधि निरीक्षक ने नूरपुर के विकास मेडिकल एजेंसी संचालक अवनीश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक साल पहले मंडल की टीम ने नूरपुर के विकास मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा था। इसके बाद नमूने जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजे थे। वहां की जांच में नमूने फेल निकलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मुरादाबाद मंडल के औषधि आयुक्त आरपी पांडेय द्वारा जिला औषधि निरीक्षक नरेश मोहन दीपक, बिजनौर के औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा, रामपुर के औषधि निरीक्षक अनुरोध कुमार, अमरोहा के औषधि निरीक्षक राजेश कुमार की टीम गठित की गई थी। डीआई आशुतोष मिश्रा के अनुसार इस मेडिकल स्टोर पर काफी दिनों से नकली दवा बिक्री का करोबार चल रहा था। संयुक्त रूप से गठित जांच दल ने नूरपुर के मोहल्ला कबीर नगर स्थित मैसर्स विकास मेडिकल एजेंसी पर आठ जनवरी 2019 को छापा मारा था। वहां से कुछ दवाओं के नमूने संग्रहीत कर राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजे थे। वहां से रिपोर्ट में नमूने फेल निकले। नमूना अधोमानक पाए जाने पर विकास मेडिकल एजेंसी संचालक अवनीश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।